UP: मुरादनगर हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने जताया दुख

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मुरादनगर में रविवार दोपहर को उखलारसी श्मशान घाट की छत भरभराकर गिर गई। इसमें कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 19 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। जिला एमएमजी अस्पताल में अब तक 19 व्यक्तियों के शव पहुंच चुके हैं, इनमें से कुछ की पहचान नहीं हो पाई है, प्रशासन इनकी पहचान कर रहा है। अचानक से इतने लोगों के आने से अस्पताल में स्ट्रेचर भी कम पड़ गए। जमीन पर ही शव रख दिए गए हैं। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये सभी लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने श्मशान गए थे। गाजियाबाद के जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया करीब 30 लोग मलबे के अंदर मिले, जिनको उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया है। 19 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राहत कार्य तेजी से चल रहा है। आपदा प्रबंधन (NDRF) की टीम  बचाव कार्य में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीटर के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर पर दुख व्यक्त किया है। राज्य सरकार राहत और बचाव कार्य में तत्परता से जुटी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। राष्ट्रपति के ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके शोक व्यक्त किया गया है। इसी के साथ उनकी ओर से इस हादसे में शिकार हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.