(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हिमाचल पुलिस प्रमुख संजय कुंडु मंगलवार को क्वांरटिन हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले हफ्ते डीजीपी पद पर नियुक्ति के बाद उन्हें बधाई देने पंहुचने वाले व्यक्तियों में एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति भी शामिल था। ये व्यक्ति दिल्ली का बताया जा रहा है। पुलिस प्रमुख के किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का पता चलने के बाद पुलिस हेडक्वार्टर निगम विहार में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस हेडक्वार्टर को एहतियात के तौर पर सील कर दिया गया है। सील करने से पहले पूरी बिल्डिंग को सेनिटाइजड किया गया है। वैसे अभी कुंडु एहतियात के तौर पर होम क्वांरटिन हो गए हैं। संजय कुंडु का कोरोना का सैंपल भी किया जा चुका है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग शिमला की टीम पुलिस हैडक़वार्टर पहुंच चुकी है और वाहन ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा कुंडु जिन जिन लोगों के सीधे संपर्क में आए हैं उन लोगों का पता किया जा रहा है। बता दें कि पिछले हफ्ते एक जून को अपना कार्यभार संभालने के बाद नव नियुक्त डीजीपी संजय कुंडु को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ था। इसी दौरान संजय कुंडु से दिल्ली से आया एक शख्स भी मिला था। अब ये व्यक्ति दिल्ली लौटने पर कोरोना संक्रमित पाया गया है। ये शख्स उसी दिन दिल्ली लौट गया था अब आठ जून को ये व्यक्ति कोरोना संक्रमित आया गया था, वहां नौ जून को इस व्यक्ति की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार इस व्यक्ति में लक्षण नहीं थे। पुलिस विभाग की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि जिन पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के रैंडम सैंपलिंग लिए गए हैं वे लोग सेल्फ आइसोलेट कर दिए गए हैं। आज करीबन 30 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।