himachal-news‎ > ‎

शाहरुख खान के 'मन्नत' को लेकर नया विवाद

posted May 6, 2012, 9:21 PM by Site Designer
मुंबई
बॉलिवुड ऐक्टर शाहरुख खान के बांद्रा वेस्ट स्थित बंगले 'मन्नत' को लेकर अब नया विवाद पैदा हो गया है। यह बंगला कोस्टल जोन में पड़ता है और इसके लिए शाहरुख खान ने सरकार से कोई मंजूरी नहीं ली है। इस बात का खुलासा सामाजिक कार्यकर्ता सिनप्रीत सिंह और अमृत मारु की जनहित याचिका से हुआ है।

उन्होंने 2008 में बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने यह कहकर इसे निरस्त कर दिया कि यदि संबंधित विभाग चाहें, तो कार्रवाई कर सकते हैं। कोर्ट ने दोनों पर 20,000 रुपये का जुर्माना भी लगा दिया। इस पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां यह कहते हुए इसे निरस्त कर दिया गया कि कोस्टल जोन में हजारों बंगले हैं, फिर 'मन्नत' को ही टार्गेट क्यों किया जा रहा है।

बॉम्बे हाई कोर्ट के कहने पर महाराष्ट्र कोस्टल जोन अथॉरिटी (एमसीएए) ने जांच में पाया कि 'मन्नत' के लिए किसी तरह की मंजूरी नहीं ली गई है और इस पर ऐक्शन लेना चाहिए। इस आशय का एक ऐफिडेविट एमसीएए ने कोर्ट में पेश किया। ऐफिडेविट के आधार पर विभाग ने पर्यावरण संरक्षण ऐक्ट, 1986 की धारा 19 (बी) के तहत महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) को 60 दिन में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

Comments