Asian Games : तीरंदाजी में भारतीय महिला टीम को पहला रजत पदक
हॉकी के पूल मैच में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला श्रीलंका से होगा, भारत ने अब तक 43 पदक जीते, इनमें 8 स्वर्ण, 16 रजत और 21 कांस्य
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : भारत ने 18वें एशियाई खेलों के 10वें दिन महिला और पुरुष तीरंदाजी की कम्पाउंड स्पर्धा में 2 रजत पदक जीते। महिला टीम को कोरिया ने 231-228 से हराया। वहीं, पुरुष स्पर्धा के फाइनल का फैसला शूटआउट में हुआ। दोनों स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक कोरिया के खाते में गए। एशियाड में महिला टीम ने पहली बार रजत पदक जीता। इससे पहले 2010 ग्वांगझू में भारत ने महिला टीम रिकर्व स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। एशियाड में अब तक भारत के 45 पदक हो गए हैं। भारतीय महिला टीम ने कम्पाउंड स्पर्धा में शुरुआत बेहतर की। पहले राउंड में 59 का स्कोर किया। कोरियाई तीरंदाज 57 अंक ही ले पाए। हालांकि, दूसरे राउंड में कोरिया की टीम हावी रही और 58-56 से इसे अपने नाम किया। तीसरे राउंड में दोनों टीमों ने 58-58 का स्कोर किया। इस समय तक लग रहा था कि भारत स्वर्ण पदक जीत सकता है, लेकिन फाइनल राउंड में भारतीय टीम अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और टीम को 55 अंक ही मिले। कोरियाई तीरंदाजों ने 58 का स्कोर कर स्वर्ण पदक जीत लिया।