देश में ओमीक्रॉन के चलते 24 घंटे में कोरोना के 3.33 लाख केस मिले, कम्युनिटी ट्रांसमिशन स्टेज में ओमीक्रॉन ।
फिलहाल देश में 21.87 लाख एक्टिव केस हैं। शुक्रवार को एक्टिव केस की संख्या 21.13 लाख थी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट इस समय देश में कम्युनिटी ट्रांसमिशन की स्टेज में आ गया है। यह कई महानगरों में बेहद प्रभावी हो गया है, जहां नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंर्सोशियम (INSACOG) ने अपने नए बुलेटिन में यह जानकारी दी है।
INSACOG ने यह भी कहा कि ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट BA2 भी कई जगहों पर मिला है। देश में ओमिक्रॉन का पहला केस पिछले साल 2 दिसंबर को सामने आया था। इसलिए लिहाज से महज 7 हफ्तों के अंदर कम्युनिटी ट्रांसमिशन स्टेज आ गई है। बता दें कि INSACOG देश भर में कोरोना वायरस में आ रहे बदलावों की जांच कर रहा है ताकि यह समझने में मदद मिल सके कि यह कैसे फैल रहा है और डेवलप हो रहा है। इसके साथ ही INSACOG इससे निपटने के लिए बेहतर स्वास्थ्य उपायों के बारे में सुझाव भी देता है।
इस बीच, देश में लगातार तीसरे दिन नए कोरोना केस घट गए हैं। शनिवार को 3 लाख 33 हजार 533 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.59 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 525 लोगों की मौत हुई है। पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में करीब 4 हजार की कमी आई है। शुक्रवार को 3.37 लाख संक्रमित मिले थे और 488 लोगों की मौत हुई थी। इससे एक दिन पहले गुरुवार को 3.47 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 703 लोगों की मौत हुई थी।
फिलहाल देश में 21.87 लाख एक्टिव केस हैं। शुक्रवार को एक्टिव केस की संख्या 21.13 लाख थी। तीसरी लहर में कुल एक्टिव केस का आंकड़ा पहली बार 21 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 22 दिन में कुल एक्टिव केस 21 गुना हो गए हैं। देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 17.78% है। वहीं, वीकली पॉजिटिविटी रेट 16.87% है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से 45 मौतें दर्ज की गई हैं। यह आंकड़ा एक दिन में तीसरी लहर में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 5 जून को एक दिन में 60 लोगों की जान गई थी। यहां 11,486 नए केस मिले हैं, जो कि एक दिन पहले मिले केस के मुकाबले 7% ज्यादा है।
देश में कोरोना के हाल –
कुल एक्टिव : 2187205
कुल रिकवरी: 36560650
कुल मौतें: 489409
फिलहाल सरकार की ओर से कोरोंअ को काबू में करने की कोशिशें जारी हैं।