मध्यप्रदेश: नरसिंहपुर जिले की सीमा पर पलटा मज़दूरों से भरा ट्रक, 5 की मौत, 11 घायल
मजदूरों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक में करीब 20 मजदूर सवार थे।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की सीमा पर एक बड़े सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई। शनिवार देर रात नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र के पास आम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि 11 मजदूर घायल हैं। चार मजदूरों के ट्रक के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ट्रक में करीब 20 मजदूर सवार थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौके पर क्रेन और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आम के ट्रक में सवार 20 मजदूर में 11 मजदूर झांसी के रहने वाले हैं, जबकि 9 एटा के हैं। सभी मजदूर हैदराबाद से अपने घर जाने के लिए निकले थे। घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी जिला अस्पताल में मौजूद रहे।