(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुनाव की तारीखों और बाकी डिटेल्स की जानकारी दी। तारीखों का ऐलान होने के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। दोनों ही राज्यों में 21 अक्टूबर को चुनाव होंगे। जबकि मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल क्रमश: 2 और 9 नवंबर को खत्म हो रहा है। बता दें कि महाराष्ट्र में 288 जबकि हरियाणा में 90 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। हरियाणा की बात करें तो पिछले चुनाव में यहां 90 में से 47 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी। वहीं, महाराष्ट्र में 288 सीटों में 122 पर जीत दर्ज करके भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी थी। बीजेपी और शिवसेना ने महाराष्ट्र में अलग अलग चुनाव लड़ा था। चुनाव बाद दोनों ने गठबंधन करके सरकार बनाई थी।हरियाणा में इस बार 1 करोड़ 82 लाख वोटर, वहीं महाराष्ट्र में 8.9 करोड़ लोग नई सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। हरियाणा में इस बार 1.3 लाख ईवीएम का इस्तेमाल होगा।