कालका गैंगवार : हथियारबंद लोगों ने 1 युवक को गोलियों से भूना, युवक के 4 साथियों की हालत भी गंभीर
हत्या का आरोप बब्बू ग्रुप पर लगा
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : हरियाणा। जिला पंचकूला के कालका में पपलोहा गांव में वीरवार को दो गुटों में गैंगवार हो गया। एक गुट के हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोलियों से भून दिया। युवक के चार साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। इन दोनों गुटों में पहले भी गैंगवार हो चुका है। गैंगवार में गांव घाटीवाला निवासी विक्रम उर्फ विक्की कैमी (25) की मौत हो गई। माजरा महताब निवासी महेंद्र, हैप्पी व दलीप घायल हुए हैं।
घटना से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने कहा है कि जब तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, जाम लगा रहेगा और शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को 5 बजे विक्की कैमी अपने चार दोस्तों महेंद्र, हैप्पी व दलीप के साथ पपलोहा माजरा रेत के ताल में स्कोर्पियो कार में बैठे थे। यह युवक कैमी के जन्मदिन की पार्टी को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी बीच पांच गाडिय़ां आकर मौके पर रुकी और उसमें लगभग 20 युवक उतरे। इन युवकों को देखते ही विक्की के दोस्त गाड़ी से उतर कर फरार होने लगे। लेकिन हमलावरों ने स्कोर्पियो पर गोलियां बरसानी शुरु कर दी। इसके बाद इन युवकों पर भी गोलियां दाग दीं।
गाड़ी से विक्की निकलने में नाकाम रहा, और हमलावरोंने उसे गाड़ी में ही घेरकर गोलियां मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी से उतरकर भागे चारों युवक गंभीर रुप से घायल हैं। विक्की की मौत कंफर्म करने बाद हमलावर वहां से तुरंत गाडिय़ां में फरार हो गए।

इसके बाद एक व्यक्ति ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विक्की की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए। उन्होंने हत्या का आरोप बब्बू ग्रुप पर लगाया। वारदात के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने शव कालका पपलोहा रोड़ के बीचोंबीच रखकर जाम लगा दिया।
ग्रामीण आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए है और गिरफ्तारी होने पर ही जाम खोलने की बात कर रहे है। घटना के बाद पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त किया और आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।