(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): मनाली में नए साल का जश्न मनाने के बाद दिल्ली लौट रहे पर्यटकों की कार शुक्रवार सुबह खाई में गिरने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि दिल्ली के पर्यटक मनाली में नए साल का जश्न मनाकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। स्वारघाट-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर झिंडीवाला के निकट शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे इनकी कार असंतुलित होकर पुल से नीचे लुढ़क गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य गम्भीर रूप से घायल मनोज को नालागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे पीजीआई अस्पताल चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त दिल्ली के मयूर विहार निवासी अंकित, अखिल और दीपक के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हताहतों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार हासदा सम्भवत: घने कोहरे और द्रष्यता कम कम होने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।