सियासी पिच पर राजनीतिक धुरंधर धूमल का डिफेंस स्ट्रोक
ऊना में बोले धूमल लोकसभा टिकट आवंटन में उनका नहीं रहेगा कोई हस्तक्षेप
सियासी पिच पर राजनीतिक धुरंधर धूमल का डिफेंस स्ट्रोक
– ऊना में बोले धूमल लोकसभा टिकट आवंटन में उनका नहीं रहेगा कोई हस्तक्षेप
– संगठन के फैसले का करूंगा स्वागत, जीत के लिए करूंगा काम : धूमल
न्यूज लाईव नाऊ : ऊना (ओम शर्मा): चुनाव हारने के बाद प्रदेश की राजनीति के हाशिए पर आए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल अब संगठन के आगे नत्मस्तक दिख रहे हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि आगामी लोकसभा चुनावों में प्रो. धूमल बगावती तेबर दिखाएंगे। चुनाव में हार के बाद जहां पूरे प्रदेश में धूमल गुट खुड्डे लाईन में आ गया वहीं धूमल खेमे के समर्थकों में कहीं न कहीं यह टीस साफ देखी जा सकती है कि उन्हें पार्टी ने कोई अधिमान नहीं दिया। अकसर सोशल मीडिया पर धूमल गुट ऐसी कई पोस्टें शेयर करता है जिनसे उनका राजनीतिक बजूद बचा रहे। कभी उन्हें केंद्र में अधिमान देने की बात कही जाती है तो कभी उन्हें प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी की बातें अकसर सामने आती रही हैं। लेकिन भाजपा की इस राजनीतिक उठापठक के बीच पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने साफ संकेत दिए हैं कि वह संगठन के आगे नत्मस्तक हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा कि धूमल की पीड़ा और चुप्पी का सबसे बड़ा कारण उनके बेटे का राजनीतिक कैरियर है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो बेटे के दांव पर लगे कैरियर के चलते आज राजनीतिक हाशिए पर आए धूमल जिनकी कभी प्रदेश भाजपा में तूती बोलती थी आज चुप्प रहने को मजबूर हैं। धूमल की इस रणनीति को सियासी पिच पर डिफेंस स्ट्रोक भी कहा जा सकता है।
—— ऊना प्रेस कांफ्रेंस में क्या कह गए धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकसभा चुनावों में किसको टिकट देनी है, किसकों नहीं, यह फैसला हाईकमान और संगठन करेगा। उन्होंने कहा कि इसमें उनका कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी हाईकमान और संगठन का जो फैसला होगा उसका स्वागत किया जाएगा और भाजपा की जीत ही उनका लक्ष्य होगा। कांगड़ा से वर्तमान सांसद शांता कुमार के चुनाव लडऩे की इच्छा के सवाल में उन्होंने कहा कि इसके बारे में अंतिम फैसला संगठन ही करेगा।
ऊना में पत्रकार वार्ता में प्रो. धूमल ने कहा कि भाजपा का पूरा ध्यान लोकसभा चुनाव पर है। प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा अपना कब्जा दोबारा जमाएगी और केंद्र के हाथ मजबूत करेगी। प्रदेश की चारों सीटों पर कौन कौन से चेहरे होंगे वह इसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे। ऊना में धूमल ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है, राफेल डील पर कांग्रेस बस जनता को गुमराह कर रही है।