मराठी एक्ट्रेस सारा श्रवण हुईं अरेस्ट, 15 लाख की जबरन वसूली का है मामला, एक्ट्रेस ने लगाया था छेड़खानी का आरोप।
पुलिस की ओर से बताया गया है कि इस मामले में एक बिचौलिया था राम जगदाले, जिसने इस मामले में सेटलमेंट करवाने के लिए सुभाष यादव से 15 लाख रुपए की मांग की थी।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मराठी एक्ट्रेस सारा श्रवण वसूली के मामले में गिरफ्तार हुईं हैं। पुणे की क्राइम ब्रांच ने मुंबई में एक्ट्रेस को अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने 15 लाख रुपए की जबरन वसूली करने के आरोप में एक्ट्रेस पर कार्रवाई की है। वहीं इस मामले में पहले भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक्ट्रेस को सारा सोनावने के नाम से जाना जाता है। एक पुलिस अधिकारी का कहना है, ‘श्रवण ने सुभाष यादव के साथ एक फिल्म में काम किया था। इसके बाद एक्ट्रेस ने ये फिल्म रिलीज होने के बाद सुभाष यादव पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया।’ वहीं पुलिस की ओर से बताया गया है कि इस मामले में एक बिचौलिया था राम जगदाले, जिसने इस मामले में सेटलमेंट करवाने के लिए सुभाष यादव से 15 लाख रुपए की मांग की थी।’ राम जगदाले की ओर से पैसे की मांग करने के पूरे मामले को सुभाष ने कैमरे में कैद कर लिया था, जिसमें आरोपी पैसे की मांग करते हुए दिख रहा है। वहीं यादव ने अपनी हरकतों के लिए माफी मांगने वाला एक वीडियो तैयार किया। आरोपी ने वीडियो सार्वजनिक नहीं करने के बदले में यादव से 15 लाख रुपए मांगे थे। अब मामला पुलिस के पास जाने के बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच अभी भी जारी है। बता दें कि एक्ट्रेस सारा ने पिंजरा, देवयानी जैसे मराठी टीवी सीरियल में काम किया है। इसके अलावा एक्ट्रेस Eka Peksha Ek में दिखाई दे चुकी हैं। इसी साल एक्ट्रेस के मां बनने की खबरें भी आई थीं, जिसके बाद सारा खबरों में आ गई थीं।