भाजपा सांसद ने गांधी-नेहरू को कहा ‘कचरा’, कांग्रेस ने दर्ज करवाई शिकायत

असम से भाजपा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा पर महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी का अपमान करने का आरोप लगा है, जिसके बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है। कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि तासा ने नेहरू-गांधी की तुलना कचरे से की थी।

कांग्रेस का आरोप है कि आदिवासी नेता तासा ने एक रैली में कहा था कि कांग्रेस ने दीन दयाल उपाध्याय की विचारधारा के बारे में जाने बिना लोगों के दिमाग में गांधी और नेहरू जैसा ‘कचरा’ भर दिया। कांग्रेस के मुताबिक, उस रैली में राज्य के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद थे।

अब असम की राजधानी गुवाहाटी में कामाख्या प्रसाद तासा के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कांग्रेस उनके पुतले जलाकर उनको सांसद के पद से हटाने की मांग कर रही है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और सुष्मिता देव ट्विटर पर तासा के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं।

असम में भाजपा ने दो पार्टियों के गठबंधन से सरकार बनाई हुई है। वहां बीजेपी कुछ कॉलेजों के नाम उपाध्याय पर रख चुकी है जिसके बाद कांग्रेस और स्थानीय संगठन आरोप लगाते रहे हैं कि बीजेपी राज्य के लोगों पर संघ की विचारधारा थोपना चाहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.