पीएम मोदी अर्थशास्त्री नहीं, यथार्थशास्त्री हैं – राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने इतनी प्रगति की है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ की है।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को जैतपुर में भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी अर्थशास्त्री नहीं, यथार्थशास्त्री हैं।उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने इतनी प्रगति की है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ की है। मोदी भले ही अर्थशास्त्री नहीं हैं, लेकिन वह यथार्थशास्त्री हैं। वह अर्थव्यवस्था की जमीनी हकीकत जानते हैं। मोदी को फिर से पीएम बनाईए, कुछ ही महीनों में भारत दुनिया के टॉप टेन देशों में पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगा। 2031 तक भारत रूस, चीन या अमेरिका में से किसी एक को पीछे छोड़कर विश्व का तीसरा सबसे ताकतवर देश बन जाएगा।
राजनाथ ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तक ने गरीबी हटाने की बात की, लेकिन हटा नहीं पाए। मोदी ने पांच साल में यह कर दिखाया।दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनावों में बड़े-बड़े वादे किए थे। उनमें से एक भी वादा पूरा कर दिया होता तो आज जनता को कोई भी समस्या नहीं होती। फ्री वाइफाई का सपना दिखाया, भ्रष्टाचार मिटाने का वादा किया था, लेकिन अपनी पार्टी के लिए नियुक्त आंतरिक लोकपाल को भी हटा दिया।मोदी ने योग को संयुक्त राष्ट्र तक पहुंचाया। कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि राजद्रोह का कानून खत्म करेंगे। लेकिन, हम देशहित में राजद्रोह कानून को और सख्त बनाएंगे।केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को गाजीपुर, प्रतापगढ़, देवरिया व कुशीनगर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस व सपा-बसपा पर जमकर निशाना साधा, साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाई।
देवरिया में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कभी सत्ता में रहने वाली कांग्रेस आज वोट कटवा पार्टी बन गई है। कांग्रेस ने 55 वर्षो तक इस देश पर राज किया। हर बार गरीबी के नाम पर वोट लिया, लेकिन कितनी गरीबी दूर हुई यह आपसे छिपी नहीं है। देवरिया और गाजीपुर की सभा में उन्होंने कहा कि जो लोग यह कह रहे हैं कितने आतंकी मारे गए थे। आज आपने दैनिक जागरण पढ़ा होगा तो पता चल गया होगा। इसका रहस्योद्घाटन इटली की पत्रकार ने किया है। पहले हम लोग कहते थे तो कोई नहीं मानता था।देवरिया और कुशीनगर जिले में उन्होंने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन्हें लगा कि भाजपा को अकेले नहीं हरा पाएंगे तो एक साथ मिल गए। जो कभी एक-दूसरे के दुश्मन थे आज एक हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवाद के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम को कमजोर करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि हमारे वायु सेना के जवान शौर्य व पराक्रम का परिचय दे रहे हैं और उस पर कांग्रेस, सपा व बसपा के लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं। पूछ रहे हैं कि बताओ कितनों को मारा।