न्यूजीलैंड में समुद्र किनारे बिछी 145 व्हेलों की लाशें !
इसके बाद बाकियों की बुरी स्थिति को देखते हुए उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की गई
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : न्यूजीलैंड के स्टीवर्ट द्वीप में इकट्ठा हुईं 145 व्हेलों की समुद्र के किनारे पर मौत हो गई। इन्हें शनिवार देर शाम बीच पर हाइकिंग के लिए आए लोगों ने देखा था। अधिकारियों का कहना है कि जब तक लोगों ने उन्हें व्हेल के किनारे पर पड़े होने की जानकारी दी, तब तक करीब आधी व्हेल मर चुकी थीं। इसके बाद बाकियों की बुरी स्थिति को देखते हुए उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की गई। डिपार्टमेंट ऑफ कंजर्वेशन (डीओसी) के मुताबिक- वे समुद्र किनारे पड़ी व्हेलों वापस पानी में भेजना चाहते थे, लेकिन उनके तैरकर जिंदा बचने की उम्मीद काफी कम थी। डीओसी के मैनेजर रेन लेप्पेंस ने कहा कि व्हेलों को किनारे पर ही पड़े रहने देना ही ज्यादा मानवीय था। डीओसी ने बयान जारी कर कहा कि न्यूजीलैंड में समुद्र के किनारे पर व्हेलों का फंसना कोई नई बात नहीं है। हर साल करीब 85 ऐसे मामले सामने आते हैं। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में व्हेलों का किनारे पर इकट्ठा होना आम नहीं है। एजेंसी ने कहा कि अभी तक यह तय नहीं है कि आखिर क्यों व्हेल और डॉल्फिन किनारों पर फंस जाती हैं। इसके पीछे कोई बीमारी, चक्रवात या रास्ते से भटकना वजह हो सकती है।