देश के मैदानी राज्यों में तापमान जमाव बिंदु तक पहुंचा !

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में तो न्यूनतम तापमान रोज नए रिकार्ड बना रहा है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। पहाड़ी राज्यों की कंपकंपी तो छूट ही रही है, मैदानी राज्यों में तापमान जमाव बिंदु तक तक पहुंच गया है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में तो न्यूनतम तापमान रोज नए रिकार्ड बना रहा है। रविवार को हरियाणा के गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया। उत्तराखंड के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री से भी कम रहा। समूचे प्रदेश में शीतलहर चल रही है।हिमाचल के शिमला, मनाली व धर्मशाला सहित कई जगह बादल छाए रहे। वहां सोमवार को किन्नौर और लाहुल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। एक से पांच जनवरी तक प्रदेश में हो सकती है भारी बारिश और हिमपात की संभावना है। मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।कड़ाके की शीत के बीच उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पानी जम गया है। बदरीनाथ (न्यूनतम तापमान माइनस 15), केदारनाथ (माइनस 12), गंगोत्री (माइनस 13) और यमुनोत्री धाम (माइनस 13) के साथ ही पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हड्डी गला देने वाली सर्दी पड़ रही है। अलकनंदा नदी के साथ ही ऋषिगंगा, शेष नेत्र झील, परमार्थ लोक के पास की झील समेत सभी प्राकृतिक जल स्रोत जम चुके हैं। सेना और पुलिस के जवान बर्फ को पिघलाकर प्यास बुझा रहे हैं। चारों धामों में अधिकतम तापमान भी शून्य से नीचे पहुंच गया है।जम्मू-कश्मीर में रविवार को लेह की रात सबसे ठंडी रही। न्यूनतम तापमान माइनस 12.6 डिग्री रहा। श्रीनगर का न्यूनतम माइनस 2.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बनने लगा है। इसे देखते हुए मंगलवार देर रात से बारिश की संभावना है। इस सप्ताह अधिकतर समय हल्के बादल छाए रहेंगे। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है।राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। सीकर के फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 1.2 दर्ज किया गया। एक रात पहले यहां तापमान माइनस 4.5 डिग्री था। प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंटआबू में तापमान 1.0 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.