दिल्ली की हर बस में एक नवंबर से तैनात किया जाएगा एक मार्शल।

दिल्ली सरकार ने महिला सुरक्षा को अभेद बनाने के लिए 13 हजार मार्शलों की नियुक्ति की है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दिल्ली में महिलाओं को चौतरफा सुरक्षा देने के लिए बड़ा कदम सरकार ने उठाया है। अरविंद केजरवाल ने सोमवार सुबह त्यागराज स्टेडियम में घोषणा की कि अब दिल्ली की हर बस में मार्शल तैनात होंगे। दिल्ली की बसों में सफर करने वाली किसी भी महिला के साथ कोई अनहोनी होती है, तो आरोपित बच नहीं सकेंगे। सीएम केजरीवाल ने कहा कि पहली नवंबर से दिल्ली की सभी बसों में एक मार्शल तैनात रहेगा। दिल्ली सरकार ने महिला सुरक्षा को अभेद बनाने के लिए 13 हजार मार्शलों की नियुक्ति की है। इस अवसर पर केजरीवाल ने छह हजार मार्शलों को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि पूरी दुनिया में दिल्ली पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां हर बस में एक मार्शल तैनात रहेगा। तैनात किए गए मार्शलों में 10 प्रतिशत महिला मार्शल हैं। वहीं, दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने भ्री मार्शलों को संबोधित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मार्शलों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली एक परिवार है। और मुख्यमंत्री होने के नाते मैं खुद को इस परिवार का बड़ा बेटा मानता हूं। बड़े बेटे के नाते मुझे सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि घर से बाहर निकलने पर दिल्ली की महिलाएं खुद को सुरक्षित नहीं महसूस नहीं करती हैं। इसलिए मैने दिल्ली की बसों में सफर करने वाली माताओं, बहनों व बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आपको सौंपी है। भैया दूज पर मैं आप सबको यह जिम्मेदारी सौंप रहा हूं कि कोई महिला अगर बस में बैठे तो उसमें मन में यह विश्वास पैदा होना चाहिए कि बस में मेरी सुरक्षा के लिए मेरा भाई बैठा है। कोई मेरा अहित नहीं कर सकता। आपके मन में भी यही भाव होना चाहिए कि इस बस में आपकी माताएं, बहनें बैठी हैं। आप जिम्मेदारी से काम कीजिए। जरूरत पड़ने पर उनकी मदद कीजिए। केजरीवाल ने बताया कि कुछ समय पूर्व दिल्ली में इवनिंग शिफ्ट की बसों में 3600 मार्शल तैनात किए गए थे। लोगों ने इसका अच्छा रिस्पांस दिया। मार्शलों ने अच्छा काम किया। इसलिए अब हम मार्शलों की संख्या बढ़ाकर 13 हजार कर रहे हैं। इस दौरान केजरीवाल ने समय-समय पर महिलाओं, बीमार व बुजुर्ग सवारियों की सहायता करने वाले 15 मार्शलों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया। केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पूरी दिल्ली में तीन लाख से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगा जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में ऐसा कोई शहर नहीं होगा जहां एक साथ तीन लाख कैमरे लगाए जा रहे हों। केजरीवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए हमने ये कदम उठाए हैं। गौरतलब है कि सरकारी कैमरों के अलावा भी लोगों ने अपने घरों के आसपास, मार्केटों व गलियों में कैमरे लगवाए हैं जो अपराधियों पर नकेल कसने में पुलिस-प्रशासन की सहायता करते हैं। बसों में मार्शल, सड़कों, बाजारों, पार्कों में सीसीटीवी कैमरे…यानि अब किसी की मजाल नहीं जो महिलाओं की ओर आंख उठा के देख ले।

Leave A Reply

Your email address will not be published.