जापान : 6.7 तीव्रता के भूकंप के बाद आई सुनामी, 21 लोग घायल, समुद्र में था केंद्र।

एजेंसी के डेटा के मुताबिक, कम ऊंचाई वाली सुनामी की लहरें अवाशिमा (Awashima), सकटा (Sakata), साडो (Sado), वाजिमा (Wajima) और निगाता (Niigata) में देखी जा सकती हैं।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : जापान में मंगलवार रात को 10.22 बजे 6.7 तीव्रता का भूकंप आया जिसमें 21 लोग घायल हो गए हैं। इस भूकंप के चलते उत्तर-पश्चिमी तट पर हल्‍की सुनामी भी आई। भूकंप का केंद्र समुद्र में था। अधिकारियों ने बताया कि जापान में सीमा से सटे निगाता और यामागाता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद जापानी मौसम विभाग ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी, जिसे तीन घंटे बाद वापस ले लिया गया। एजेंसी के डेटा के मुताबिक, कम ऊंचाई वाली सुनामी की लहरें अवाशिमा (Awashima), सकटा (Sakata), साडो (Sado), वाजिमा (Wajima) और निगाता (Niigata) में देखी जा सकती हैं। भूकंप के बाद जापानी अधिकारी इमारतों की स्थिति की जांच कर रहे हैं। हालांकि, फि‍लहाल, किसी भी इमारत के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में लोगों से इमारत के गिरने और भूस्खलन के खतरों से सतर्क रहने को कहा है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि इस तरह के झटके अभी और आ सकते हैं। भूकंप के चलते कई सड़कें बंद हैं। बुलेट ट्रेनों के बंद होने से 10,000 लोग प्रभावित हुए हैं। उल्‍लेखनीय है कि इससे पहले चीन के सिचुआं प्रांत में सोमवार को भूकंप के दो तेज झटके महसूस किये गए थे, जिसकी वजह से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 125 अन्य लोग घायल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.