चंद्रमा पर नहीं उतर पाया इजरायल का अंतरिक्ष यान, हुआ नष्ट

दस करोड़ डॉलर (करीब 690 करोड़ रुपये) की लागत से बने इस यान को फाल्कन 9 रॉकेट के जरिये चंद्रमा पर अभियान के लिए रवाना किया गया था।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : इजरायल का बेरेशीट अंतरिक्ष यान चंद्रमा पर उतरने से चंद मिनट पहले दुर्घटनाग्रस्त होकर नष्ट हो गया। निजी कंपनी के सहयोग से इजरायल ने बेरेशीट को गत फरवरी में लांच किया था। दस करोड़ डॉलर (करीब 690 करोड़ रुपये) की लागत से बने इस यान को फाल्कन 9 रॉकेट के जरिये चंद्रमा पर अभियान के लिए रवाना किया गया था।दुर्घटना की पुष्टि करते हुए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज की स्पेस डिवीजन के प्रबंधक ओपेर डोरोन ने गुरुवार को कहा, ‘मुझे दुख है कि यह मिशन कामयाब नहीं हो सका। लेकिन यह एक उपलब्धि ही है कि हमारी कोशिश चंद्रमा तक पहुंची। ऐसा करने वाले हम सातवें देश हैं। मिशन सफल होने पर इजरायल चंद्रमा पर अपना यान उतारने वाला चौथा देश बन जाता। अभी तक तीन देश अमेरिका, रूस और चीन ही यह सफलता हासिल कर पाए हैं।’स्पेस-आइएल और इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने संयुक्त रूप से इस यान को तैयार किया था। 2110 मील प्रति घंटे की रफ्तार से करीब 40 लाख मील का सफर तय कर यह यान जब चंद्रमा से महज 120 किलोमीटर की दूरी पर था, तभी कंट्रोल रूम से उसका संपर्क टूट गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.