क्रिसमस की छुट्टियों से पहले ट्रम्प सरकार के 8 लाख कर्मचारी रहेंगे बिना तनख्वाह के !
अब इसके चलते अमेरिका में करीब 8 लाख कर्मचारियों को क्रिसमस से ठीक पहले छुट्टी पर जाना होगा या बिना तनख्वाह के काम करना पड़ेगा
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के लिए अमेरिकी संसद (कांग्रेस) से फंड मुहैया नहीं कराए जाने के बाद शनिवार को अमेरिकी सरकार आंशिक रूप से हड़ताल (शटडाउन) पर चली गई। अब इसके चलते अमेरिका में करीब 8 लाख कर्मचारियों को क्रिसमस से ठीक पहले छुट्टी पर जाना होगा या बिना तनख्वाह के काम करना पड़ेगा। रात 12 बजे के बाद करीब एक-चौथाई अमेरिकी फेडरल एजेंसियों की फंडिंग रुक गई। इसकी वजह से गृह विभाग, परिवहन, कृषि, विदेश और न्याय विभाग शटडाउन पर चले गए। यहां तक कि नेशनल पार्क और जंगलों को भी बंद कर दिया जाएगा।
ट्रम्प ने कांग्रेस से दीवार बनाने के लिए 5.7 अरब डॉलर (करीब 40 हजार करोड़ रु.) की मांग की थी। ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो वे बजट (गवर्मेंट स्पेंडिंग बिल) पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे, जिससे सरकार के कई विभाग हड़ताल पर चले जाएंगे। सीनेट में शुक्रवार को बॉर्डर वॉल पर चर्चा भी हुई। इसके बावजूद सांसदों के बीच फंड्स को लेकर सहमति नहीं बन पाई और कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। ट्रम्प ने चुनाव से पहले वादा किया था कि राष्ट्रपति बनने के बाद वे मैक्सिको की सीमा से अवैध आव्रजन और ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए सीमा पर दीवार बनवाएंगे। इसी वादे को पूरा करने के लिए वे पिछले काफी समय से कांग्रेस से फंड्स की मांग कर रहे हैं। तीन महीने पहले सितंबर में भी उन्होंने कांग्रेस को हड़ताल पर जाने की धमकी दी थी। इसी साल जनवरी में अमेरिकी सरकार तीन दिन के शटडाउन पर चली गई थी। तब भी डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकंस के बीच अप्रवासियों के मुद्दे पर ही टकराव हुआ था। डेमोक्रेट्स चाहते थे कि सात लाख ‘ड्रीमर्स’ (पढ़ाई या नौकरी के लिए अस्थाई रूप से अमेरिका में रहने वाले) को देश से ना निकाला जाए और उनका भविष्य सुरक्षित किया जाए। ट्रम्प उनकी बात नहीं माने तो उन्होंने शॉर्ट टर्म स्पेंडिंग बिल (सरकारी खर्च को लेकर विधेयक) पर भी सहमति नहीं दी।