कुमार विश्वास के घर गाजियाबाद पहुंची पंजाब पुलिस, केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थन के आरोपों की सत्यता साबित करने को कहा गया ।
पुलिस ने विश्वास को कहा कि उन्होंने केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थक होने के आरोप लगाए थे, उसके संबंध में सुबूत पंजाब पुलिस को देकर जांच में सहयोग करें।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): पंजाब पुलिस मशहूर कवि कुमार विश्वास के गाजियाबाद स्थित घर पहुंची। विश्वास ने खुद उनके गाजियाबाद स्थित घर पहुंची पुलिस की तस्वीरें पोस्ट की हैं। उनके खिलाफ थाना सदर रोपड़ में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की एक टीम उन्हें नोटिस तामील करने पहुंची और उन्हें 26 अप्रैल को रोपड़ थाने में पेश होने को कहा गया है। रोपड़ के एसपी (डी) हरबीर अटवाल ने इसकी पुष्टि की।
पुलिस ने विश्वास को कहा कि उन्होंने केजरीवाल पर खालिस्तान समर्थक होने के आरोप लगाए थे, उसके संबंध में सुबूत पंजाब पुलिस को देकर जांच में सहयोग करें। वहीं कुमार विश्वास के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने भी ट्विटर पर दावा किया पंजाब पुलिस उनके घर भी पहुंच चुकी है। उन्होंने कुमार के समर्थन में ट्वीट भी किया कि अब सबको समझ आ गया होगा कि केजरीवाल को पुलिस क्यों चाहिए थी?।
कुमार विश्वास के खिलाफ पंजाब के रोपड़ जिले के थाना सदर में केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ IPC की धारा 153, 153A, 505, 505(2),116 r/w, 143, 147, 323, 341, 506 और 120बी और 125 रिप्रजेंटेशन ऑफ पीपुल्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। रोपड़ सदर थाने के इंस्पेक्टर सुमित मोर की अगुवाई में पंजाब पुलिस ने कुमार के मैनेजर को नोटिस रिसीव करवाया है।
पंजाब पुलिस के SP हरबीर सिंह अटवाल ने बताया कि थाना रोपड़ सदर में FIR नंबर 25 दर्ज की गई है। इसमें शिकायत दी गई कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका और पार्टी को खालिस्तान समर्थक कहा गया। इस संबंध में नारे लगाए गए। यह व्यवहार तब हुआ, जब कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया था। जिसमें आम आदमी पार्टी के नेताओं को खालिस्तान के साथ लिंक किया गया था। कुमार विश्वास के घर रेड नहीं हुई बल्कि उन्हें सिर्फ नोटिस दिया गया कि वह जांच में वह सबूत पेश करें, जो उनके पास हैं।
बुधवार सुबह कुमार ने ट्वीट किया कि सुबह-सुबह पंजाब पुलिस उनके यहां आई है। एक समय मेरे द्वारा ही भगवंत मान को पार्टी में शामिल करवाया गया था। उन्होंने मान को आगाह किया कि दिल्ली में बैठे जिस आदमी को पंजाब की लोगों की ताकत से खेलने दे रहे हो, वह एक दिन मान और पंजाब को धोखा देगा। विश्वास ने कहा कि देश मेरी चेतावनी को याद रखे।
अकाली दल के प्रवक्ता चरनजीत बराड़ ने कहा कि कुमार विश्वास केजरीवाल के पुराने साथी रहे हैं। आज राजनीतिक बदलाखोरी की वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अकाली दल इसकी निंदा करती है। इसकी जांच होनी चाहिए कि पंजाब पुलिस को कौन चला रहा है। अगर किसी ने दिल्ली में कुछ गलत किया तो वहां केस दर्ज करवाना चाहिए।
हरीश चौधरी ने कहा कि पंजाब पुलिस का इस्तेमाल जनता की सुरक्षा के बजाय केजरीवाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने के लिए कह रहे हैं। कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि केजरीवाल अपना राजनीतिक मकसद के लिए पंजाब पुलिस का मिसयूज कर रहे हैं। डीजीपी को पुलिस का मिसयूज रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम भगवंत मान हैं न कि अरविंद केजरीवाल। फिलहाल विश्वास के घर पहुंची पुलिस को लेकर अकाली दल सहित भाजपा की ओर से आलोचना और सवाल खड़े किए गए हैं।