कभी अपने म्यूजिक के लिए हुई थी रिजेक्ट, आज एरियाना ग्रांडे है दुनिया की मशहूर पॉपस्टार
एरियाना ने अपनी अनोखी आवाज से दुनिया का दिल जीता है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एरियाना ग्रांडे ब्युटेरा का जन्म 26 जून 1993 को फ्लोरिडा के एक छोटे-से शहर बोका रैटन में हुआ था। पिता, जोन ग्रांडे और मां एडवर्ड ब्युटेरा ने अपने बच्चों को शुरुआत में ही कला से प्रेम करना सिखा दिया था। एरियाना के बड़े भाई भी एक सफल एक्टर और निर्माता हैं और अपनी छोटी बहन एरियाना के मैनेजर भी हैं। एरियाना ने अपनी अनोखी आवाज से दुनिया का दिल जीता है। बेहद छोटी उम्र में ही इनके हजारों टीनएज फैन्स हो गए थे। बचपन में ही बच्चों के चैनल ‘निकलोडियन’ में काम करके एरियाना ने अपने प्रोफेशनल कॅरियर की शुरुआत कर ली थी। एरियाना एल्बम्स रिकॉर्ड करने के अलावा फिल्में, सीरियल और थिएटर में काम करती हैं।हाल ही में एरियाना को ‘बिलबोर्ड्स वुमन ऑफ द ईयर’ का खिताब मिला है। एरियाना का लेटेस्ट सिंगल ‘थैंक यू, नेक्स्ट’ भी काफी चर्चित रहा था, जिसने रिलीज के साथ ही इतने व्यूज बटोरें कि यूट्यूब हैंग हो गया।एरियाना चार साल की भी नहीं थीं, जब उनके माता-पिता उन्हें पहली बार म्यूजिकल थिएटर लेकर गए थे। इसी के चार साल बाद उन्होंने टीवी पर डेब्यू भी कर लिया। उन्होंने तब अमेरिका का राष्ट्रगान गाया था। इस दौरान उन्हें ‘एन’ में एक छोटा रोल भी मिला। इसके बाद ‘विजर्ड ऑफ ओज’ और ‘ब्यूटी एंड द बीस्ट’ में भी उन्होंने यादगार काम किया।2007 में आरियाना आर एंड बी एल्बम रिकॉर्ड करने की चाह रखते हुए मैनेजर्स से मिलने लॉस एंजिल्स के लिए रवाना हो गईं, लेकिन उन्हें इसके लिए मना कर दिया गया। उन्हें बुरा तो बहुत लगा लेकिन फिर भी निराश नहीं हुईं और अपनी एक्टिंग क्लासेस शुरू कर दीं। 2008 में उन्हें ब्रॉडवे म्यूजिकल ‘थर्टीन’ में शार्लेट के रोल के लिए चुन लिया गया।13 साल की उम्र में ही उन्होंने अपने म्यूजिक कॅरियर के बारे में गंभीरता से सोचना शुरू कर दिया था। जल्द ही उन्होंने हॉलीवुड वोकल कोच एरिक वेट्रो के साथ अभ्यास शुरू कर दिया। इसके कुछ ही समय बाद एरियाना के बड़े भाई ने उनके कॅरियर की कमान संभाली शुरू की। ‘पुट यॉर हार्ट्स अप’ एरियाना का पहला एल्बम था जो उन्होंने 18 साल की उम्र में रिलीज किया था। यह युवाओं के बीच बहुत जल्दी मशहूर हो गया। इसके बाद 2012 में उन्हें थिएटर प्रोडक्शन ‘अ स्नो व्हाइट क्रिसमस’ में स्नो व्हाइट का किरदार निभाने का मौका मिला। 2013 में उनके एक के बाद एक दो एल्बम्स रिलीज हुए- ‘यॉर्स ट्रूली’ और ‘क्रिसमस किसेस’। क्रिटिक्स ने देखा कि एरियाना की आवाज पहले से ज्यादा मैच्योर हो गई थी और गाने का अंदाज भी पहले से बेहतर हुआ था। 2015 में उन्होंने अपने अगले एल्बम ‘माइ एवरीथिंग’ के सपोर्ट में वर्ल्ड टूअर भी किया और पहले 25 कन्सर्ट्स में ही 14 मिलियन डॉलर्स से ज्यादा कमा लिए। 2018 में उन्होंने अपना चौथा स्टूडियो एल्बम ‘स्वीटनर’ रिलीज किया, जो बिलबोर्ड 200 के चार्ट्स में शामिल हुआ था। एरियाना के लेटेस्ट सिंगल को करीब 20 करोड़ बार देखा जा चुका है।